डॉक्टरों की शर्मनाक लापरवाही: चोट लगी थी दाएं गुर्दे में, डॉक्टरों ने कर दिया बाएं का ऑपरेशन; किशोर की मौत के बाद 5 डॉक्टरों व अस्पताल संचालक पर मुकदमा
![]()
देहरादून। राजधानी देहरादून से डॉक्टरों की एक बेहद गंभीर और हैरान करने वाली लापरवाही का मामला सामने आया है, जहाँ एक सड़क हादसे में घायल किशोर के दाहिने गुर्दे (किडनी) में चोट लगी थी, लेकिन डॉक्टरों ने उसके बाएं गुर्दे का ऑपरेशन कर दिया। इस घोर लापरवाही के कारण किशोर ने दम तोड़ दिया। पीड़ित पिता द्वारा लगातार न्याय की गुहार लगाने और पुलिस द्वारा चार साल तक कोई कार्रवाई न किए जाने के बाद, अब कोर्ट के कड़े आदेश पर थाना नेहरू कॉलोनी में पांच डॉक्टरों समेत अस्पताल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मामले की जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी मैनपाल ने अधिवक्ता शिवा वर्मा के माध्यम से कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि उनका 15 वर्षीय बेटा 3 जुलाई 2022 को एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसके दाएं हाथ और दाहिने गुर्दे पर गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद उसे देहरादून के रिस्पना पुल स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित का आरोप है कि डॉक्टरों ने कई घंटों तक उसका ऑपरेशन नहीं किया और पूछने पर बताया कि बाहर से डॉक्टरों को बुलाया गया है। इसके बाद 4 जुलाई की रात को डॉक्टरों ने हाथ का ऑपरेशन किया, जबकि सबसे अधिक खतरा गुर्दे की चोट से था। हद तो तब हो गई जब 5 जुलाई को डॉक्टरों ने लापरवाही की सारी हदें पार करते हुए दाएं गुर्दे की जगह किशोर के स्वस्थ बाएं गुर्दे का ऑपरेशन कर दिया।
ऑपरेशन के बाद किशोर की तबीयत लगातार बिगड़ने लगी। परिजनों ने जब मरीज को डिस्चार्ज करने की मांग की, तो अस्पताल प्रबंधन ने साफ इनकार कर दिया। 8 जुलाई की शाम को जब किशोर की स्थिति अत्यंत नाजुक हो गई, तब डॉक्टरों ने उसे दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहाँ उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में पीड़ित ने नेहरू कॉलोनी थाने में शिकायत की थी, लेकिन पुलिस द्वारा चार साल तक कोई एक्शन न लिए जाने पर उन्हें अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंचम अपर सिविल जज भारती मंगलानी ने प्रार्थनापत्र स्वीकार कर पुलिस को तत्काल केस दर्ज करने के आदेश दिए। नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर पांच डॉक्टरों और अस्पताल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

