बिंदुखत्ता (लालकुआं)। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर बिंदुखत्ता के वरिष्ठ समाजसेवी गोकुलानंद उपाध्याय ने समस्त क्षेत्रवासियों और देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय पर्व हमें देश की एकता, अखंडता और वीर शहीदों के अतुलनीय बलिदान को याद करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
राजनीतिक ही नहीं, आंतरिक विचारों से मुक्ति भी है वास्तविक स्वतंत्रता
एक विशेष आध्यात्मिक संदेश साझा करते हुए गोकुलानंद उपाध्याय ने कहा कि वास्तविक स्वतंत्रता केवल बाहरी या राजनीतिक नहीं होती, बल्कि आंतरिक भी होती है। जब व्यक्ति अपने भीतर के नकारात्मक विचारों, अहंकार, द्वेष और संकीर्णता से मुक्त होता है, तभी वह सच्चे अर्थों में स्वतंत्र बनता है। उन्होंने आह्वान किया कि देश की उन्नति के लिए आत्मा की शुद्धि आवश्यक है, क्योंकि एक आध्यात्मिक रूप से जागृत और आत्म-निर्भर नागरिक ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकता है।
युवा शक्ति, पर्यावरण और नशामुक्त समाज पर दिया जोर
युवाओं को प्रेरित करते हुए उपाध्याय ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं, उन्हें केवल नौकरी के लिए नहीं बल्कि समाज को नई दिशा देने और नवाचार के लिए शिक्षित होना चाहिए। पर्यावरण संरक्षण को देशभक्ति का रूप बताते हुए उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर हर नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और प्रकृति को स्वच्छ रखने का संकल्प लेने का आग्रह किया। इसके साथ ही, उन्होंने क्षेत्र में बढ़ती कुरीतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की, ताकि एक स्वस्थ और नशामुक्त समाज का निर्माण हो सके।


