
राजू अनेजा,रुद्रपुर। फैक्ट्री छोड़ने के नाम पर कार सवार युवकों द्वारा एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने से शहर में सनसनी फैल गई है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका दूसरा साथी फरार है।
शहर निवासी युवती सिडकुल क्षेत्र की एक फैक्ट्री में कार्यरत है। बताया गया कि सोमवार को वह फैक्ट्री जाने के लिए ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान कार सवार दो युवक वहां पहुंचे और उसे फैक्ट्री छोड़ने का भरोसा दिलाया। युवती उनके झांसे में आकर कार में बैठ गई।
आरोप है कि युवक उसे फैक्ट्री ले जाने के बजाय अपने साथ कहीं और ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। वारदात के बाद दोनों युवक उसे छोड़कर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मंगलवार को पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया, जिससे पूछताछ की जा रही है। दूसरे फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और दूसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


