
विशेषज्ञ व्याख्यान में NEP-2020 की उपलब्धियों पर मंथन, बहुविषयक शिक्षा, स्टार्टअप और इंडस्ट्री 5.0 को बताया भविष्य की जरूरत
राजू अनेजा,काशीपुर। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के छह वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर श्रीराम इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (SIMT), काशीपुर में इंस्टीट्यूशन्स इनोवेशन काउंसिल (IIC) के तत्वावधान में विशेषज्ञ व्याख्यान एवं विचार-विमर्श सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नई शिक्षा नीति के छह वर्षों के प्रभाव, उच्च शिक्षा में आए बदलाव और भविष्य की चुनौतियों पर गंभीर मंथन हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं अध्यक्ष संस्थान के प्राचार्य डॉ. एस. एस. कुशवाहा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 ने भारतीय उच्च शिक्षा को नई सोच, नई दिशा और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि फोर ईयर अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम (FYUP), अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (ABC), लचीली डिग्री प्रणाली और आउटकम बेस्ड एजुकेशन (OBE) जैसे प्रावधान विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा प्रणाली से जोड़ रहे हैं और रोजगार के नए अवसर भी सृजित कर रहे हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल डिग्री तक सीमित न रहें, बल्कि अनुसंधान, नवाचार, स्टार्टअप संस्कृति तथा इंडस्ट्री 4.0 और 5.0 की अत्याधुनिक तकनीकों—जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा साइंस और ऑटोमेशन—में दक्षता हासिल करें। उन्होंने बताया कि संस्थान का IIC और R&D सेल विद्यार्थियों को शोध एवं नवाचार से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में NAAC, NIRF और OBE के मानकों के अनुरूप संस्थागत गुणवत्ता सुधार, बहुविषयक शिक्षा, अकादमिक क्रेडिट, इंटर्नशिप, माइनर स्पेशलाइजेशन और करियर संभावनाओं पर भी विस्तृत चर्चा हुई। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ से सवाल पूछे, जिनका विस्तार से समाधान किया गया।
कार्यक्रम में 42 विद्यार्थियों के साथ 25 शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों को आत्मसात करते हुए नवाचार, अनुसंधान और कौशल विकास को अपने शैक्षणिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. एस. एस. कुशवाहा (IIC अध्यक्ष), श्री बलविंदर सिंह (IIC उपाध्यक्ष), डॉ. एम. एस. बोरा (IIC संयोजक), श्री पंकज तिवारी, डॉ. फराह नईम, श्री आशीष कुमार, श्री पंकज भट्ट तथा श्री बी. एस. लटवाल सहित पूरी IIC टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

