614 करोड़ के बजट से बदलेगी काशीपुर की तस्वीर ! बाली ने खोला विकास का पिटारा

खबर शेयर करें -

राजू अनेजा,काशीपुर। नगर निगम बोर्ड की बैठक में शुक्रवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 614 करोड़ 52 लाख 26 हजार 484 रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। बजट में 570 करोड़ 91 लाख 85 हजार रुपये के व्यय का प्रावधान रखा गया है, जबकि करीब 20 करोड़ 30 लाख रुपये की बचत का अनुमान लगाया गया है। महापौर दीपक बाली ने कहा कि यह बोर्ड अपने कार्यकाल में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा और आने वाले समय में शहर का स्वरूप पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा।

खुशी के आयोजनों में किन्नर अधिकतम 5100 रुपये ही ले सकेंगे

बोर्ड बैठक में सबसे चर्चित प्रस्ताव किन्नर समुदाय को लेकर रहा। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब शादी, जन्मोत्सव या अन्य खुशी के अवसरों पर किन्नर अधिकतम 5100 रुपये ही ले सकेंगे। यदि कोई इससे अधिक धनराशि की मांग करता है अथवा पैसे न मिलने पर अभद्र व्यवहार करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त को इस संबंध में आवश्यक आदेश जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

ननकाना साहिब चौक के लिए मुख्यमंत्री धामी का जताया आभार

बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा स्टेडियम तिराहे का नामकरण श्री ननकाना साहिब चौक किए जाने और उसके सौंदर्यीकरण का शिलान्यास कराने पर विशेष आभार प्रस्ताव पारित किया गया। महापौर दीपक बाली ने कहा कि उत्तराखंड गठन के बाद पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने सिख समाज की धार्मिक भावनाओं से जुड़े स्थल को इतना सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय का पूरे प्रदेश की सिख संगत स्वागत कर रही है।

आरोग्य मंदिरों में अब मुफ्त लगेंगे रेबीज इंजेक्शन

शहरवासियों को राहत देने के लिए बोर्ड बैठक में एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। अब नगर निगम क्षेत्र के सभी आरोग्य मंदिरों में कुत्ता काटने की स्थिति में निशुल्क रेबीज इंजेक्शन लगाए जाएंगे। महापौर ने कहा कि इससे आम नागरिकों को समय पर उपचार मिलेगा और उन्हें निजी अस्पतालों में महंगे इंजेक्शन लगवाने की मजबूरी नहीं रहेगी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में मौसम का रौद्र रूप: रुद्रप्रयाग में अतिवृष्टि से तबाही, बहे पुल और मार्ग बाधित; आज 7 जिलों में आंधी-तूफान व बर्फबारी का 'ऑरेंज अलर्ट'

 

ढेला नदी किनारे बनेगा आधुनिक वेंडिंग जोन और साइकिल ट्रैक

काशीपुर के सौंदर्यीकरण को लेकर भी बोर्ड बैठक में कई बड़े निर्णय लिए गए। महापौर ने बताया कि ढेला नदी के किनारों को विकसित कर वहां साइकिलिंग ट्रैक, घूमने-फिरने की सुविधाएं और आधुनिक वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे। यहां खाने-पीने की दुकानों को व्यवस्थित ढंग से स्थापित किया जाएगा। इससे शहर को नया पर्यटन स्थल मिलने के साथ ही छोटे व्यापारियों को भी रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

सीएसआर फंड से मिलेगी करोड़ों की मदद

बैठक में उद्योगों द्वारा नगर निगम को दिए जा रहे सीएसआर सहयोग की सराहना की गई। इंडिया ग्लाइकोल्स लिमिटेड, नैनी पेपर मिल के स्वामी पवन अग्रवाल और पशुपति लैमिनेटर्स के केएमडी बांके गोयंका के योगदान पर सभी पार्षदों ने खड़े होकर आभार व्यक्त किया। अधिकारियों ने बताया कि आगामी वर्ष में उद्योगों से सीएसआर फंड के तहत तीन से चार करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता मिलने की संभावना है।

228 करोड़ की यूसीएफ और 120 करोड़ की विकास योजनाओं को मंजूरी

बैठक में भारत सरकार की यूसीएफ योजना के अंतर्गत 228 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का अवलोकन और अनुमोदन किया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री घोषणा के तहत 17 वार्डों में 120 करोड़ 44 लाख रुपये की अवस्थापना विकास योजनाओं को भी मंजूरी दी गई। अन्य निधियों के अंतर्गत 23 करोड़ 44 लाख रुपये की परियोजनाओं पर भी सहमति बनी।

पांच नए वेंडिंग जोन पर खर्च होंगे 11 करोड़ रुपये

छोटे व्यापारियों को व्यवस्थित करने के लिए नगर निगम क्षेत्र में पांच नए वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को भी यहां स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 11 करोड़ 15 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार जुलाई माह से इस योजना पर काम शुरू होने की संभावना है।

3.80 करोड़ की लागत से बनेगा हाईटेक कंट्रोल रूम

नगर की सफाई व्यवस्था को तकनीक से जोड़ने के लिए 3 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक कंट्रोल रूम स्थापित करने की योजना पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि भवन तैयार हो चुका है और शासन स्तर पर लंबित औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इसे शुरू कर दिया जाएगा। कंट्रोल रूम के जरिए सफाई व्यवस्था की निगरानी और शिकायतों का निस्तारण अधिक प्रभावी ढंग से किया जाएगा।

अल्ली खां चौक पर लगेगा 135 फीट ऊंचा तिरंगा

बैठक में अली खां चौक पर 135 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज और क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के लिए 26 करोड़ 21 लाख रुपये की परियोजना को मंजूरी दी गई। नगर निगम का मानना है कि यह परियोजना शहर की नई पहचान बनेगी और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक भी होगी।

ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन से बढ़ेगी निगम की आय

ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन की निविदा को भी बोर्ड ने मंजूरी दे दी। योजना के तहत निजी कंपनी अपना निवेश कर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करेगी जबकि नगर निगम केवल भूमि उपलब्ध कराएगा। इसके बदले कंपनी अपनी आय का 25 प्रतिशत हिस्सा निगम को देगी। इससे नगर निगम को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा।

स्वागत द्वार और एलईडी स्क्रीन लगाएगी निजी कंपनी

नगर निगम सीमा में विभिन्न स्थानों पर 15 वर्षों के लिए स्वागत द्वार और पांच वर्षों के लिए एलईडी स्क्रीन लगाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके लिए निगम को कोई खर्च नहीं करना पड़ेगा। संबंधित कंपनी नगर निगम को प्रतिवर्ष दो लाख रुपये का भुगतान करेगी और एलईडी स्क्रीन की सुविधा भी उपलब्ध कराएगी।

पेट्रोल पंप की जगह बनेगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स

ढेला नदी के पास स्थित उस भूमि पर, जहां पहले पेट्रोल पंप स्थापित करने का प्रस्ताव था, अब आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। महापौर ने बताया कि इसका डिजाइन तैयार किया जा रहा है। कॉम्प्लेक्स बनने से नगर निगम की आय में वृद्धि होगी और शहर को एक नया व्यावसायिक केंद्र मिलेगा।

खाली प्लाटों पर कूड़ा डालने वालों पर होगी कार्रवाई

बैठक में पार्षद मयंक मेहता ने खाली पड़े प्लाटों में कूड़ा डाले जाने और झाड़ियां उगने का मुद्दा उठाया। इस पर महापौर ने ऐसे भू-स्वामियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्षदों से भी ऐसे प्लाटों की जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया ताकि प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

पार्षदों ने उठाए जनहित के मुद्दे, अधिकारियों को मिले निर्देश

बैठक में पार्षद अब्दुल कादिर, प्रिंस बाली, पुष्कर बिष्ट, सतीश शर्मा, राशिद फारुकी, दीपा पाठक, वैशाली गुप्ता, संदीप सिंह, मोनू और अनीता कंबोज सहित कई जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं उठाईं। महापौर दीपक बाली ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। बैठक में नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट समेत निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें 👉  काशीपुर के कारोबार को रफ्तार देने के लिए बाली का मास्टर स्ट्रोक, ढेला किनारे पेट्रोल पंप की जगह बनेगा करोड़ों का शॉपिंग कॉम्प्लेक्स
Ad
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  आखिरकार सुखीजा के लिए पसीजा गढ़नेगी का दिल, 94 वोटों से जीतकर अभिषेक बने पहले चेयरमैन