आंचल दुग्ध संघ में देशभक्ति का जज्बा: 705 समितियों में शान से लहराया तिरंगा, अध्यक्ष मुकेश बोरा ने की कर्मचारियों के लिए वर्दी की घोषणा
लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (आंचल) में देश की आजादी का 80वां पावन पर्व स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी, जिसके बाद उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाया। कार्यक्रम के दौरान देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। लालकुआं मुख्यालय सहित पर्वतीय व ग्रामीण क्षेत्रों की सभी 705 दुग्ध समितियों में ध्वजारोहण किया गया और आंचल परिवार तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया।
उत्पादकों के हित प्राथमिकता, कर्मचारियों को जल्द मिलेगी वर्दी
कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि आंचल दुग्ध संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर आगे बढ़ रहा है। दुग्ध उपार्जन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। कर्मचारियों के हित में एक बड़ी घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि संघ के कर्मचारियों को जल्द ही वर्दी (यूनिफॉर्म) वितरित की जाएगी, क्योंकि कर्मचारी संस्थान की रीढ़ हैं और उनकी सुविधाओं का ध्यान रखना संघ की पहली प्राथमिकता है।
705 समितियों में मना उत्सव, चुनावी आचार संहिता का रखा गया ध्यान
संघ से जुड़ी 705 दुग्ध समितियों में भी पदाधिकारियों और दुग्ध उत्पादकों ने हर्षोल्लास के साथ ध्वजारोहण कर देश की एकता, अखंडता और विकास का संकल्प लिया। दुग्ध समिति चुनावों की तिथियां घोषित होने के कारण कार्यक्रम के दौरान आचार संहिता का पूरी तरह से पालन किया गया और किसी भी प्रकार की चुनावी या प्रचार गतिविधि से परहेज रखा गया।
विपणन और उपार्जन बढ़ाने पर जोर, कई गणमान्य रहे मौजूद
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रशासन/विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। उन्होंने कर्मचारियों को दुग्ध संग्रहण और विपणन की महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए उत्पादकों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर बिक्री बढ़ाने का आह्वान किया। इस अवसर पर संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, पूर्व सदस्य राजेंद्र प्रसाद, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, स्टोर प्रभारी खलील अहमद सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


