भवाली में 12 तोले सोने की चोरी का 24 घंटे में खुलासा: 15 लाख के आभूषणों के साथ आरोपी जित्तू गिरफ्तार, गाड़ी खरीदने के लिए रचा था षड्यंत्र

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी/भवाली। नैनीताल जिले की भवाली कोतवाली पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा किया है। पुलिस ने घर से चोरी हुए करीब 12 तोले के सोने के आभूषणों के साथ 20 वर्षीय आरोपी जितेन्द्र सिंह लटवाल उर्फ जित्तू को गिरफ्तार कर लिया है। बरामद किए गए स्वर्ण आभूषणों की अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
गाड़ी खरीदने की चाहत में अपनों के घर ही की थी चोरी
पुलिस पूछताछ में आरोपी जितेन्द्र सिंह लटवाल ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वह चोरी के आभूषणों को बाजार में बेचकर अपने लिए एक नई गाड़ी खरीदना चाहता था। इसी लालच में उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई दो जोड़ी पौंछी, एक जोड़ी कान के झुमके, सोने की नथ, गलोबंद, मांग-टीका और अंगूठी समेत 100% शत-प्रतिशत आभूषण बरामद कर लिए हैं।
एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने पाई सफलता
उल्लेखनीय है कि बीते 29 अगस्त को ग्राम गैराड़ी लटवाल निवासी उमा लटवाल ने अपने घर से लाखों के सोने के जेवरात गायब होने की शिकायत भवाली कोतवाली में दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के आदेश पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र और सीओ भवाली रविकांत सेमवाल के निर्देशन में वरिष्ठ उपनिरीक्षक (एसएसआई) आसिफ खान के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
आरोपी को भेजा गया जेल
पुलिस टीम ने सुरागरसी, पतारसी और सर्विलांस की मदद से संदिग्धों से पूछताछ की और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी जितेन्द्र सिंह लटवाल को धर दबोचा। पुलिस ने मामले में दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय जनता और परिजनों ने जमकर सराहना की है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में आफत की बारिश: दून, नैनीताल, चमोली और बागेश्वर में 'ऑरेंज अलर्ट', 12वीं तक के स्कूल बंद और कई नदियां उफान पर