दर्दनाक हादसा: बरसाती पानी से भरे खाली भूखंड में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत, खेल-खेल में थमीं सांसें

खबर शेयर करें -

काशीपुर। उधमसिंह नगर जिले के काशीपुर से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ पुष्पक विहार क्षेत्र के महादेव कॉलोनी में बरसाती पानी से भरे एक खाली भूखंड में नहाने गए दो छह वर्षीय मासूम बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई। एक स्थानीय युवक ने साहस दिखाते हुए दोनों बच्चों को गहरे पानी से बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में राज्य स्तरीय सब-जूनियर व जूनियर तैराकी प्रतियोगिता: नेशनल चैंपियनशिप का टिकट हासिल करने उतरेंगे उत्तराखंड के तैराक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुष्पक विहार कॉलोनी निवासी देव (6 वर्ष) पुत्र राजेंद्र और मयंक (6 वर्ष) पुत्र नन्हे, आपस में गहरे दोस्त थे। बुधवार दोपहर दोनों बच्चे खेलते-खेलते महादेव कॉलोनी स्थित एक खाली भूखंड की तरफ चले गए। लगातार हो रही बारिश की वजह से उस भूखंड में काफी गहरा पानी जमा था। दोनों मासूम खेल-खेल में पानी में नहाने के लिए उतर गए और धीरे-धीरे गहरे हिस्से में चले जाने के कारण डूबने लगे। आसपास खेल रहे अन्य बच्चों ने जब उन्हें डूबते देखा, तो शोर मचाना शुरू कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  इंग्लैंड में बेटा- बहु , बाजपुर में अकेली मां... आधी रात घर में घुसे चोर, 5 लाख के जेवर-नकदी पर किया हाथ साफ

बच्चों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय निवासी अमन रुहेला तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए पानी में छलांग लगाई और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को एक-एक करके बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहाँ आपातकालीन चिकित्सा अधिकारी डॉ. साक्षी ने परीक्षण के बाद दोनों मासूमों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार पंकज चंदोला ने अस्पताल और घटनास्थल का मुआयना कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। वहीं, स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर गहरा आक्रोश है कि यदि समय रहते प्रशासन या भूखंड स्वामी द्वारा जल निकासी की व्यवस्था कर दी जाती, तो इन दो मासूमों की जान बचाई जा सकती था।

यह भी पढ़ें 👉  डॉक्टरों की शर्मनाक लापरवाही: चोट लगी थी दाएं गुर्दे में, डॉक्टरों ने कर दिया बाएं का ऑपरेशन; किशोर की मौत के बाद 5 डॉक्टरों व अस्पताल संचालक पर मुकदमा
Ad