ब्वॉयफ्रेंड और छात्र संघ चुनाव को लेकर भिड़ गईं दो छात्राएं: हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज गेट पर चले लात-घूंसे, बाल नोचे

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में अभी तक छात्रों के गुटों के बीच आपसी लड़ाई-झगड़े के मामले सामने आते थे, लेकिन अब छात्राओं के बीच भी बीच सड़क पर हाथापाई की घटना सामने आई है। शुक्रवार को कॉलेज गेट पर दो छात्राएं एक ब्वॉयफ्रेंड को लेकर आपस में भिड़ गईं। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि जमकर लात-घूंसे चले और उन्होंने एक-दूसरे के बाल नोचने के साथ ही नाखून तक मार दिए। कॉलेज गेट के पास अचानक हुई इस मारपीट को देखकर वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी और कर्मचारी भी हैरान रह गए।
कॉलेज कर्मचारियों के अनुसार, दोनों छात्राओं के बीच मुख्य रूप से ब्वॉयफ्रेंड को लेकर तीखी बहस हो रही थी। इसके साथ ही वे पिछले वर्ष हुए छात्र संघ चुनाव में एक विशेष छात्र प्रत्याशी के समर्थन की बात को लेकर भी एक-दूसरे से उलझ पड़ीं। मौके पर मौजूद उनके सहपाठियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों को अलग कराया और मामला शांत किया। हालांकि, कुछ ही देर बाद एक छात्रा कुछ अन्य छात्रों को साथ लेकर दोबारा भिड़ने पहुंच गई, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें फटकार लगाई और कॉलेज गेट से बाहर खदेड़ दिया।
इधर, कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने बताया कि इस विवाद की आधिकारिक सूचना अभी उन्हें नहीं मिली है। लेकिन उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि कॉलेज परिसर में किसी भी प्रकार की अराजकता या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कॉलेज का माहौल और गरिमा खराब करने वाले तत्वों के खिलाफ नियमनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

