आरटीओ की अनोखी रणनीति: ग्राहक बनकर बुक की ‘रैपिडो’, हल्द्वानी में दो दिन के अभियान में 18 निजी बाइक सीज

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। रैपिडो ऐप के जरिए निजी वाहनों (सफेद नंबर प्लेट) से किराए पर सवारी ढोने वाले चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने एक अनोखा जाल बिछाकर बड़ी कार्रवाई की है। आरटीओ अधिकारियों ने खुद ग्राहक बनकर सादे कपड़ों में रैपिडो ऐप से बाइक बुक की और जैसे ही चालक तय स्थान पर पहुंचे, उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया। नौ और दस जुलाई को चले इस दो दिवसीय विशेष अभियान के तहत कुल 18 निजी मोटरसाइकिलों को सीज किया गया है, जिससे अवैध रूप से कमर्शियल संचालन कर रहे चालकों में हड़कंप मच गया है।

यह भी पढ़ें 👉  बुजुर्ग विधवा मां से मारपीट और बदसलूकी करने वाला कलयुगी बेटा गिरफ्तार, संपत्ति पर कब्जे की नीयत से बहू संग मिलकर दी थी धमकी

दरअसल, सीएम हेल्पलाइन और हल्द्वानी के विभिन्न मंचों पर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पांडेय के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान परिवहन कर अधिकारी जगदीश चंद्र, पवन कुमार, अपराजिता पांडे, अनुभा आर्य और उनकी टीम सादे कपड़ों में शहर के अलग-अलग चौराहों पर मुस्तैद रही। टीम ने मोबाइल ऐप से बाइक बुक की और जैसे ही चालक सवारी लेने पहुंचे, उन्हें रोककर दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में सभी मोटरसाइकिलें निजी पंजीकरण की पाई गईं, जिनका व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा रहा था। अभियान के पहले दिन छह और दूसरे दिन 12 बाइकों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  ग्राफिक एरा हल्द्वानी परिसर में ‘भारतीय ज्ञान परंपरा’ पर आयोजित सात दिवसीय कार्यक्रम संपन्न, 300 मेधावी विद्यार्थियों को मिले प्रमाण पत्र

आरटीओ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत सफेद नंबर प्लेट वाले निजी वाहनों का किराए के लिए व्यावसायिक संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित है और यह नियम विरुद्ध है। व्यावसायिक परिवहन के लिए केवल पीली नंबर प्लेट वाले वाहनों का ही इस्तेमाल किया जा सकता है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि निजी वाहनों का ऐप के जरिए व्यावसायिक संचालन करने पर भारी जुर्माने के साथ-साथ वाहन का पंजीकरण निलंबित या निरस्त करने तक की सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  काशीपुर: गोविषाण टीले की 10 फीट गहराई में दबी मिली गुप्त-कुषाण काल की दुर्लभ संरचना
Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad