
11 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित, कटोराताल सीट पर नामांकन नहीं होने से पद रिक्त; महापौर बोले—यह चुनाव नहीं, बैंक बचाने की मुहिम थी
राजू अनेजा, काशीपुर। काशीपुर अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के चुनाव में सियासी सहमति की तस्वीर देखने को मिली। महापौर दीपक बाली और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रयासों के बाद बैंक की प्रबंध समिति का चुनाव निर्विरोध संपन्न हो गया। 11 निर्वाचन क्षेत्रों से सभी उम्मीदवारों के निर्विरोध चुने जाने के बाद गुरुवार को चेयरमैन और वाइस चेयरमैन का चुनाव भी निर्विरोध संपन्न हुआ। पुष्पा देवी चेयरमैन और मनोज कुमार अग्रवाल वाइस चेयरमैन चुने गए।
चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद नगर निगम सभागार में नवनिर्वाचित प्रबंध समिति का भव्य स्वागत किया गया। महापौर दीपक बाली ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए बैंक के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
“यह चुनाव नहीं, बैंक बचाने की मुहिम थी”
महापौर दीपक बाली ने कहा कि यह केवल बैंक का चुनाव नहीं था, बल्कि बैंक को बचाने की मुहिम थी। चिंता थी कि कहीं बैंक बंद होने की स्थिति में न पहुंच जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सहयोग से चुनाव निर्विरोध संपन्न कराने में सफलता मिली है।
उन्होंने नवनिर्वाचित समिति को भरोसा दिलाते हुए कहा कि काशीपुर अर्बन बैंक को मजबूत बनाने के लिए वह आगे भी हरसंभव प्रयास करेंगे। बैंक के विकास और विस्तार की दिशा में काम किया जाएगा और आने वाले समय में इसकी शाखाएं बढ़ाने का प्रयास होगा।
11 सीटों पर निर्विरोध जीत, एक सीट खाली
निर्वाचन अधिकारी एवं कृषि अधिकारी वर्ग-1 अखिलेश चन्द्रा की ओर से दो सितंबर को जारी निर्वाचन परिणाम के अनुसार प्रबंध समिति के लिए सभी 11 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए थे।
निर्वाचित सदस्यों में आवास विकास से चन्द्र मोहन, खत्रियान से कामना मेहरोत्रा, गंज से सोनल गोयल, गिरिताल से मीनाक्षी सिद्धू, जसपुर से पुष्पा देवी, टांडा उज्जैन से साधना गुप्ता, बाजपुर से अनुराधा, महेशपुरा से पवन कुमार यादव, लाहौरियान से निधि टंडन, सिंघान से मनोज कुमार तथा सुभाषनगर से संजय सिंह शामिल हैं।
आवास विकास सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित थी, जबकि खत्रियान, गंज और गिरिताल सीटें महिला आरक्षण के अंतर्गत थीं। शेष सीटें अनारक्षित श्रेणी में थीं। वहीं वार्ड संख्या-02 कटोराताल में कोई नामांकन नहीं होने के कारण एक पद रिक्त रह गया।
पुष्पा देवी के नेतृत्व में संभलेगी बैंक की कमान
नवनिर्वाचित चेयरमैन पुष्पा देवी, पत्नी वेदपाल सिंह, के नेतृत्व में नई प्रबंध समिति अब बैंक के संचालन की जिम्मेदारी संभालेगी। वहीं मनोज कुमार अग्रवाल के वाइस चेयरमैन चुने जाने के बाद बैंक की शीर्ष प्रबंधकीय व्यवस्था को नया स्वरूप मिल गया है।
निर्विरोध चुनाव होने से चुनावी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई और नई प्रबंध समिति के गठन के साथ बैंक के आगामी कार्यकाल को लेकर तस्वीर भी साफ हो गई है।
“अल्मोड़ा अर्बन बैंक की तरह आगे बढ़े काशीपुर बैंक”
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, भाजपा विशेष आमंत्रित सदस्य खिलेंद्र चौधरी, पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष आशीष गुप्ता तथा अन्य नेताओं ने निर्विरोध चुनाव संपन्न होने पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। वक्ताओं ने उम्मीद जताई कि काशीपुर अर्बन बैंक भी अल्मोड़ा अर्बन बैंक की तर्ज पर मजबूती और तरक्की की नई ऊंचाइयां हासिल करेगा।
नगर निगम सभागार में दिखी एकजुटता
निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूरी प्रबंध समिति नगर निगम सभागार पहुंची। यहां महापौर दीपक बाली, जिलाध्यक्ष मनोज पाल, वरिष्ठ भाजपा नेता आशीष गुप्ता, खिलेंद्र चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक, महिला आयोग सदस्य मुक्ता सिंह, ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा, पूर्व अध्यक्ष चौधरी प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने नवनिर्वाचित समिति का स्वागत किया।
कार्यक्रम में प्रतीक अग्रवाल, पुष्प अग्रवाल, सर्वेश ठाकुर, कमलेश कुमार, ईश्वर चंद्र गुप्ता, मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह चौधरी, समरपाल सिंह, जसवीर सिंह सैनी, पार्षद सरफराज, प्रिंस बाली, सीमा सागर, राशिद फारूकी, कुलदीप शर्मा, शाह आलम, विजय बॉबी, वैशाली गुप्ता, रवि प्रजापति, मनोज जग्गा, पुष्कर बिष्ट, इरफान गुड्डू, पूर्व पार्षद राजू सेठी, अनिल कुमार सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन काशीपुर नगर निगम के पूर्व सहायक नगर आयुक्त जसवीर सिंह राठी ने किया। कार्यक्रम में नगर और क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य लोगों ने नवनिर्वाचित प्रबंध समिति को शुभकामनाएं दीं।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

