
फव्वारे के लोकार्पण समारोह में बोले— जनता ने जिस भरोसे से चुना, उस विश्वास पर खरा उतरना ही मेरा लक्ष्य, विरोध के बावजूद नहीं रुकेंगे विकास कार्य
राजू अनेजा,काशीपुर। नगर निगम परिसर में आधुनिक फव्वारे के लोकार्पण समारोह के दौरान महापौर दीपक बाली ने अपने संबोधन में विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग “सांप-बिच्छू की तरह” उनके विकास कार्यों से लिपटकर बाधाएं खड़ी करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उनका पूरा ध्यान केवल काशीपुर के विकास पर है।
महापौर ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ उन्हें नगर की सेवा का अवसर दिया है, वह उसी भरोसे पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर की तस्वीर बदलना उनका संकल्प है और इसी लक्ष्य को लेकर नगर निगम लगातार विकास कार्यों को गति दे रहा है।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “कुछ लोग सांप-बिच्छू की तरह मेरे विकास कार्यों से लिपट रहे हैं और रोड़े अटकाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन मैं कबड्डी का खिलाड़ी हूं। कबड्डी में चाहे कितने भी खिलाड़ी आपको पकड़ लें, खिलाड़ी की नजर हमेशा लक्ष्य रेखा पर रहती है। मेरी नजर भी सिर्फ उस लक्ष्य पर है, जहां काशीपुर का विकास और जनता का हित है।”
उन्होंने कहा कि विरोध और बाधाएं किसी भी जनप्रतिनिधि के सार्वजनिक जीवन का हिस्सा होती हैं, लेकिन उनका उद्देश्य किसी का जवाब देना नहीं, बल्कि विकास कार्यों के माध्यम से जनता का विश्वास जीतना है। उन्होंने कहा कि वह बिना किसी की परवाह किए शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने के लिए लगातार कार्य करते रहेंगे।
महापौर ने कहा कि नगर निगम केवल आधारभूत सुविधाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शहर की सुंदरता, हरियाली और आधुनिक सुविधाओं को भी नई पहचान दी जाएगी। आधुनिक फव्वारे, सौंदर्यीकरण और हरित विकास जैसी योजनाएं इसी सोच का हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और उसी विश्वास के बल पर वह काशीपुर को प्रदेश के सबसे विकसित और सुंदर शहरों में शामिल करने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

